19 फरवरी 2025 को भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद रेखा गुप्ता को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री घोषित किया गया है। हाल ही में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्होंने शालीमार बाग से जीत हासिल की थी। गुप्ता ने 1992 में दौलत राम कॉलेज में ABVP से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और बाद में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष बनीं। उन्होंने दिल्ली में भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव के रूप में भी काम किया है।
वे कल रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी, एलजी वीके सक्सेना दोपहर 12:35 बजे उन्हें शपथ दिलाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और 20 राज्यों के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। दिल्ली पुलिस ने इस आयोजन के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी भाजपा ने 70 में से 48 सीटें हासिल कीं, जबकि आप 22 पर सिमट गई।