- संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी अब्दुल रहमान मक्की को वैश्विक आतंकवादी के रूप में सूचीबद्ध किया है। मक्की लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) प्रमुख और 26/11 के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का बहनोई है।
- उसे आतंकी घोषित करने वाला प्रस्ताव भारत की तरफ से साल 2020 में दिया गया था। तब से ही चीन ने इसमें अड़ंगा डाला हुआ था।
- 16 जनवरी 2023 को चीन ने मक्की को आतंकी डिक्लेयर करने वाले प्रस्ताव पर अपनी असहमति खत्म कर दी।
- दरअसल, 16 जून 2022 को चीन ने पाकिस्तानी खूंखार आतंकी मक्की को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की प्रतिबंधित सूची में शामिल करने के अमेरिका और भारत के संयुक्त प्रस्ताव को आखिरी क्षण में रोक दिया था। लेकिन इस बार वैश्विक दबाव और काफी सबूत मौजूद होने के चलते चीन को झुकना पड़ा।
कौन हैं अब्दुल रहमान मक्की?
मक्की का नाम पहली बार भारत में तब सुना गया जब देश 26/11 जैसे खतरनाक हमलों से दहल गया था। मक्की इन हमलों का एक मास्टरमाइंड था। इन हमलों में मक्की ने पाकिस्तान की इंटेलीजेंस एजेंसी आईएसआई की मदद से मुंबई को दहलाने का पूरा प्लान तैयार किया था। गृह मंत्रालय की तरफ से साल 2022 में बताया गया था कि 74 साल का मक्की साल 2006 से ही भारत में आतंकी हमलों में शामिल रहा है।